संध्या न्यूज झारखंड।। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस और जेएमएम के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाये। श्री चौहान राजधानी रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसा लग रहा है कि 99 सीटें प्राप्त कर उनने बड़ा तीर मार लिया है। राहुल को चिंदी मिल गयी तो बजाज बन गये। शिवराज सिंह ने कहा कि हमारी 243 और एनडीए के साथ 293 सीटें आई।
लोकसभा में जब अध्यक्ष के चुनाव की बारी आयी तो पूरा इंडिया ब्लॉक कांग्रेस और उनके साथी मैदान छोड़कर भाग गये। उनको पता था कि बहुत बुरा हारेंगे। क्योंकि लोकसभा में संसद में भारी बहुमत नरेंद्र मोदी को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम झूठ बोलने की मशीन हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। राहुल गांधी द्वारा सदन में दिये गये बयान पर कहा कि राहुल गांधी को हिंदू के बारे में पता नहीं है।
81 विधानसभा सीटों में 52 पर बीजेपी आगे रही
चौहान ने कहा, झारखंड में क्या हुआ 14 में से हम 09 सीटें जीते हैं और इसी को विधानसभा में बदल दिया जाये तो हम 81 में से 52 सीटों पर आगे रहे हैं। कभी अग्निवीर के बारे में झूठ बोलते हैं तो कभी झूठ बोलते हैं कि किसानों को एमएसपी नहीं दे रहे है। कहा कि तुम्हारी सरकार(कांग्रेस) जहां होगी वहां गड़बड़ होती होगी। हमारी सरकारें सब जगह दे रही हैं।
राहुल बाबा हिंदुत्व की पहचान तुम क्या जानो?
चौहान ने कहा कि कभी कहते हैं हिंदू हिसंक हैं। राहुल बाबा हिंदुत्व की पहचान तुम क्या जानो? ये मेरा है, ये तेरा है ये सोच छोटे दिल वालों की होती है। जो विशाल हृदय के होते हैं वो कहते हैं सारी दुनिया ही एक परिवार है, ये हिंदुत्व है, धर्म की जय हो अधर्म का नाश हो ये हिंदुत्व है और केवल मनुष्य में नहीं प्राणियों में सद्भावना हो ये हिंदुत्व है। सब सुखी हो, सब निरोग हों, सबका मंगल हो, सबका कल्याण हो… ये हिंदुत्व है और ये भारत की हजारों साल पुरानी परंपरा हैं।
झामुमो ने एक भी वादा पूरा नहीं किया
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कितने वादे किये थे। इनके निश्चय पत्र पर सैंकड़ों वादे लिखे हैं। आज मैं जवाब मांग रहा हूं हेमंत सोरेन हो, कांग्रेस हो या गठबंधन के लोग बताओ कौन सा वादा पूरा किया है। नौजवानों को कहा था, सरकारी नौकरी देंगे, नौकरी नहीं दी तो 5 हजार रुपए स्नातक को और 7 हजार रुपए स्नातकोत्तर को बेरोजगारी भत्ता देंगे।
बताओ किसी एक को भी बेरोजगारी भत्ता दिया है? नौकरियां मिल रही है? कितने बड़े झूठे हैं ये। बहनों से भी कई वादे किये थे कि घर खर्च के लिए 2 हजार रुपया महीना देंगे। मैं पढ़कर बता देता हूं इनने लिखा है पूरे राज्य में महिला बैंक की स्थापना की जायेगी। हर गरीब महिला को अपनी आकस्मिक जरूरतों के लिए 50 हजार का कर्ज बिना किसी गारंटी के आधार कार्ड पर देंगे। बताओ किसी को मिला क्या ? मैं नौजवानों से कहता हूं कि जाओ और मांगों 5 हजार रूपया और 7 हजार रूपया बेरोजगारी भत्ता।
किसानों से किया वादा पूरा नहीं किया
चौहान ने कहा कि ये कह रहे थे कि हम राज्य में किसानों के लिए कई सौगात देंगे महिला बैंक बनाएंगे। इन्होंने एक वादा पूरा नहीं किया। एक तरफ प्रधानमंत्री ने कहा था कि किसानों को सम्मान निधि देंगे। किसानों के खाते में 6 हजार रूपया हर साल की सम्मान निधि आ रही है।
जब रघुवर दास यहां मुख्यमंत्री थे। तब मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना में प्रति एकड़ 5 हजार रूपया किसानों को दिया जाता था। सबसे पहले हेमंत सोरेन ने यही योजना बंद की। जब भाजपा की सरकार थी तब 50 लाख रुपये की रजिस्ट्री अगर बहन के नाम पर होती थी तो केवल 1 रूपया में होती थी। हेमंत सोरेन ने यह योजना बंद की।
ये भाजपा है जो कहती है वो करती है
श्री चौहान ने कहा की जब भाजपा की सरकार पांच साल पहले थी तब झारखंड का विकास हुआ था। अच्छी सड़कें बनीं थी पुल-पुलिया बने थे। स्कूल अस्पताल बने थे। क्योंकि भाजपा का राज था और विकास अगर कर सकती है तो भाजपा की सरकार कर सकती है। इस सरकार में गरीब रो रहा है। सामान्य आदमी रो रहा है। घर बनाना और विकास के काम करना मुश्किल हो गया है।
हेमंत जी ये बालू कहां जा रहा है ये तो बता दो? बाल्टी में जैसे दूध-घी बिकता था। वैसे अब बालू बिक रहा है। जनता बालू की लिए तरस जाये, ऐसी लूट मैंने बालू की कभी नहीं देखी ये बालू लूटने वाली सरकार है। इस राज्य में हर चीज के रेट फिक्स हैं। सरकारी दफ्तरों में बिना लिये दिये कोई काम नहीं होता। अरे साहब रेट तय है। बोलो तुम क्या-क्या खरीदोगे? यहां हर चीज बिकती है और तो और पद भी बिक रहे है, किनको कलेक्टर बनना है, किनको एसपी बनना है, खुलेआम नीलामी लगी हुई हैं, दे जाओ और पद ले जाओ, ये झारखंड की धरती पर हो रहा है।
झारखंड में माता, बेटी, बहन का सम्मान सुरक्षित नहीं
शिवराज ने कहा कि ये कैसी सरकार है? जहां माता, बेटी, बहन की इज्जत सुरक्षित नहीं है, सम्मान सुरक्षित नहीं है, घुसपैठिए खुल कर छेड़ रहे हैं, वो भारत का नहीं है, वो झारखंड का नहीं है, वो आते हैं बांग्लादेश से और वोटों के लालच में आईडी से लेकर आधार बनवाते है, जेएमएम और कांग्रेस को कोई चिंता नहीं है चाहे देश चला जाये लेकिन वोट मिल जाये, वोट के भूखों झारखंड को तबाह और बर्बाद तो मत करो, बाहर से आओ शादी कर लो और उनके नाम से जमीन खरीद लो।
उनको चुनाव लड़ा दो, पंचायतों पर कब्जा कर लो, ये खेल झारखंड को तबाह और बर्बाद कर देगा। मैं केवल सरकार की बात नहीं करता ,रोज हत्याएं हो रही है, आम आदमी की इज्जत सुरक्षित नहीं है और मदमस्त सरकार अपनी मस्ती में चूर है।
अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था झारखंड
झारखंड बनाया था अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड को बनाने का काम किया था भाजपा की सरकार ने और अब झारखंड को तबाह और बर्बाद करने का काम ये गठबंधन कर रहा है। ये गठबंधन नहीं, लूटबंधन है ठगबंधन है बेईमानों का बंधन हैं समान स्वार्थों के आधार पर कई लोग इकट्ठा हुए हैं अगर पांच साल इनकी सरकार और रह गयी तो बचाने को कुछ बचेगा नहीं और इसलिए संकल्प लो चाहे कुछ हो जाए। झारखंड की इस पवित्र धरती से लुटेरे और बेईमानों को सरकार हरा के रहोगे।