संध्या न्यूज।। NEET पेपर लीक की जांच कर रही बिहार पुलिस की EOU की टीम आज झारखंड के हजारीबाग पहुंची। EOU की टीम ने हजारीबाग के ओएसिस स्कूल जाकर वहां के टीचर्स और एग्जामिनेशन कंट्रोलर और दूसरे स्टाफ से बात की। दरअसल, पटना में जो जले हुए प्रश्न पत्र के अवशेष मिले हैं उसमें बुकलेट नंबर.6136488 लिखा था जो हजारीबाग के इसी सेंटर का था। इस मामले की जांच के लिए FSL जांच के लिए EOU ने NTA से प्रश्न पत्र की ऑरिजनल कापी मांगी थी जो अब जाकर एनटीए ने EOU को उपलब्ध कराया है। जिसके बाद EOU की टीम हजारीबाग पहुंची।
मामले की जांच का दायरा बिहार राज्य के बाहर पहुंच चुका है। झारखंड और उत्तर प्रदेश से भी बिहार के गिरोह के तार जुड़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, अब तक जांच के बाद नालंदा जिले के संजीव मुखिया उर्फ लूटन मुखिया का नाम भी सामने आया है। कहा जा रहा है कि उसने ही प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया था और फिर परीक्षार्थियों को उसके उत्तर रटाये गए थे। वहीं पटना पुलिस ने जो जला हुआ बुकलेट नंबर 6136488 बरामद किया था। यह बुकलेट नंबर झारखंड के हजारीबाग के ओएसिस स्कूल को अलॉट किया गया था।
परीक्षा के दिन EOU को मिले प्रश्न पत्र के जले अवशेष
EOU को 5 मई को परीक्षा के दिन प्रश्न पत्र के जले अवशेष मिले थे। उसका बुकलेट नंबर औऱ ओएसिस स्कूल सेंटर का बुकलेट नंबर एक ही था। जिसके बाद इसकी FSL जांच के लिए EOU की टीम ने NTA से ऑरिजनल क्वेश्चन पेपर मांगे थे जो उसे मिल गए हैं।
ईओयू की जांच अब ब्लू डार्ट नामक कोरियर सेवा पर भी केंद्रित हो गई है। ब्लू डार्ट ने रांची एयरपोर्ट से पेपर को हजारीबाग स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लॉकर तक पहुंचाया था। ईओयू की टीम ने हजारीबाग की स्थानीय पुलिस के साथ ओएसिस स्कूल, हजारीबाग के प्रिंसिपल से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया है। ये वही केंद्र है, जिसका प्रश्नपत्र पटना में आधा जला हुआ मिला था।
सीसीटीवी फुटेज से मिलेगा सबूत
पुलिस और ईओयू की टीम ने स्टेट बैंक हजारीबाग शाखा का भी दौरा किया और वहां बयान दर्ज किए। ईओयू की टीम ने उक्त स्कूल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और हजारीबाग स्थित ब्लू डार्ट कोरियर सेवा कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज हासिल किए हैं। साथ ही हजारीबाग के विभिन्न चौक-चौराहों से भी सीसीटीवी फुटेज हासिल किए हैं। जहां से कोरियर बॉय गुजरा होगा। ईओयू को संदेह है कि पेपर कोरियर द्वारा भेजे जाने के दौरान चूक हुई होगी। लेकिन यह रांची में हुआ या हजारीबाग में या फिर इस बीच कहीं और, इसकी जांच की जा रही है। ईओयू की एक इकाई इस मामले में आगे की जांच के लिए रांची भी गई है।
हजारीबाग पुलिस ने टीम को किया जांच में सहयोगः एसपी
इस संबंध में हजारीबाग एसपी अरविंद सिंह ने बताया है कि उन्होंने आर्थिक अपराध शाखा की टीम को जांच में भरपूर सहयोग किया है। संबंधित थाना को जांच में मदद करने के आदेश दिए गए थे। जांच एजेंसी किन बिंदुओं पर जांच कर रही है इसकी जानकारी नहीं दी गई है। एसपी ने कहा कि यदि आगे भी जांच एजेंसी हजारीबाग आएगी और मदद मांगेगी तो मदद दी जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया है कि अब तक हजारीबाग से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
BPSC का पेपर भी किया था लीक
नीट पेपर लीक से पहले संजीव मुखिया का नाम बीएससी, सिपाही भर्ती समेत अन्य परीक्षाओं की पेपर लीक में भी आया था और वह जेल भी गया था। इस साल आयोजित BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर भी हजारीबाग से लीक हुआ था।
संजीव मुखिया के गांव के पंचायत के लोगों ने बताया कि पेपर लीक मामले में पिता और पुत्र का नाम आने के बाद इस पंचायत का नाम काफी बदनाम हुआ है। मुखिया के कार्यकाल के दौरान भी कई प्रकार की अनियमितता आ चुकी है।
पत्नी ने लड़ा था विधानसभा का चुनाव
ग्रामीणों ने बताया कि पैसे के बल पर संजीव मुखिया ने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। वह अपनी पत्नी ममता कुमारी को हरनौत विधानसभा से जेडीयू के खिलाफ लोक जनशक्ति पार्टी की टिकट पर चुनाव भी लड़वाया था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। संजीव का पुत्र डॉ शिव भी प्रश्न पत्र लीक मामले में फिलहाल जेल में है। शिव शिक्षक भर्ती के प्रश्नपत्र लीक मामले का आरोपी है।
प्रश्न पत्र के लिए वसूले थे 40 -40 लाख रुपये
मामले में गिरफ्तार सिकंदर प्रसाद पहले झारखंड में ही रहता था। आशंका है कि बिहार में झारखंड से ही प्रश्न पत्र पहुंचा है। सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच में पता चला है कि झारखंड के एक शहर में कुछ अभ्यर्थियों को नीट का प्रश्न पत्र देने से पहले सिकंदर के गिरोह के लोगों ने उनके अभिभावकों के साथ एक होटल में बैठक की थी। इस बैठक के दौरान, आरोपियों ने अभ्यर्थियों के अभिभावकों से पैसे की डील की थी। गिरोह के सदस्यों ने एक प्रश्न पत्र के लिए अभ्यर्थियों के अभिभावकों से 40-40 लाख रुपये तक वसूले थे।
NTA चीफ सुबोध कुमार सिंह को हटाया गया
वहीं इस मामले में शिक्षा मंत्रालय ने एक और बड़ा एक्शन लिया है। परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर इसे कंडक्ट करने वाली एजेंसी NTA के चीफ सुबोध कुमार सिंह को हटा दिया है। सुबोध कुमार सिंह की जगह प्रदीप सिंह खरोला को NTA का नया चीफ बनाया है साथ ही सात सदस्यीय टीम का भी गठन किया है।
CBI जांच के आदेश
उधर शिक्षा मंत्रालय ने NEET-UG एग्जाम में धांधली को लेकर CBI जांच के आदेश दे दिए हैं। यानि की अब पेपर लीक से लेकर सेंटर मैनेज तक की हर मामले की जांच अब CBI करेगी। इससे पहले शिक्षा मंत्रालय ने UGC-NET परीक्षा के CBI जांच के आदेश दिए थे। माना जा रहा कि अब जब CBI जांच के आदेश हो गए हैं तो इस केस से जुड़े सभी केस CBI अपने हाथ में लेगी। चाहे वो पटना में पेपर लीक की जांच कर रही है EOU का ही मैटर क्यों ना हो..।
बिहार EOU ने HRD को भेजी रिपोर्ट
बता दें कि बिहार EOU ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय को सभी जांच की स्टेटस रिपोर्ट भेजी। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने बिहार EOU से सभी जांच रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में सभी इकबालिया बयान, बरामदगी, जब्ती जिसमें फोन, लैपटॉप, टैब, जले हुए प्रश्नपत्र, वीडियो साक्ष्य शामिल हैं।